📅 Published on: October 12, 2026
बिस्कोहर में खुला साजमा लाइफ केयर हॉस्पिटल, ग्रामीणों को अब इलाज के लिए नहीं जाना पड़ेगा दूर
डॉ. बदरे आलम ने किया साजमा लाइफ केयर हॉस्पिटल का शुभारंभ, 24×7 सेवा उपलब्ध
निजाम अंसारी
बिस्कोहर (सिद्धार्थनगर)। परशुराम द्वार तिराहा, बिस्कोहर पर रविवार को साजमा लाइफ केयर हॉस्पिटल का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। हबीब चौधरी के सुपुत्र डॉ. बदरे आलम द्वारा स्थापित यह अस्पताल 24×7 मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
उद्घाटन समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, चिकित्सक और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत मिठाई और पुष्पगुच्छ देकर किया गया। अस्पताल परिसर को गुब्बारों और फूलों से सजाया गया था।
आधुनिक सुविधाओं से लैस अस्पताल
नव निर्मित अस्पताल में आधुनिक सुविधाओं से युक्त ओपीडी, आपातकालीन सेवा, पैथोलॉजी लैब तथा दवा विक्रय केंद्र की व्यवस्था की गई है। अस्पताल में अनुभवी चिकित्सकों की टीम तैनात रहेगी, तथा सामान्य व गंभीर बीमारियों का इलाज कम दरों पर उपलब्ध होगा। ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना ही इसका मुख्य उद्देश्य है।
ग्रामीणों में खुशी
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने डॉ. बदरे आलम को इस प्रयास के लिए बधाई दी और क्षेत्र के लिए इसे बड़ी सौगात बताया। लोगों ने कहा कि अब बिस्कोहर और आसपास के गांवों के लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। 24 घंटे चिकित्सा सेवा शुरू होने से लोगों में खुशी का माहौल है।
डॉ. बदरे आलम ने कहा कि सेवा भाव से संचालित यह अस्पताल ग्रामीण जनता को हर समय बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान करेगा।