📅 Published on: October 12, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर (उत्तर प्रदेश)। चिल्हिया थाना क्षेत्र के धेंसा स्थित पेट्रोल पंप के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शोहरतगढ़ से सनई की ओर जा रही एक तेज रफ्तार निजी बस ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान पलिया गांव के टोला सिसवा निवासी 35 वर्षीय धीरेंद्र कुमार के रूप में हुई है।
पेट्रोल भरवाकर लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक धीरेंद्र कुमार बरगदवा चौराहे पर उमा टेक्निकल डिग्री कॉलेज का संचालन करते थे। रविवार को वह चिल्हिया क्षेत्र के धेंसा स्थित पेट्रोल पंप पर अपनी बाइक में तेल भरवाने गए थे। तेल भरवाने के बाद जैसे ही वह वापस घर जाने के लिए हाईवे पर चढ़ रहे थे, तभी शोहरतगढ़ की तरफ से आ रही बस ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
टक्कर इतनी भीषण थी कि धीरेंद्र कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से उन्हें तत्काल जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तीर्थयात्रियों से भरी थी बस, पुलिस ने कब्जे में लिया वाहन
चिल्हिया थाना प्रभारी पवन कुमार मौर्य ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त निजी बस में करीब 55 तीर्थयात्री सवार थे। यह बस तुलसीपुर स्थित पाटन देवी मंदिर में दर्शन कराने के बाद लेहड़ा मंदिर होते हुए गोरखपुर जा रही थी।
पुलिस ने बस और बाइक दोनों को अपने कब्जे में ले लिया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।