सिद्धार्थनगर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का भव्य आयोजन: 412 जोड़े एक दूजे के हुए; सांसद जगदम्बिका पाल, विधायकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने दिया आशीर्वाद

कपिलवस्तुपोस्ट 

सिद्धार्थनगर (14 अक्टूबर 2026):

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के समीप स्थित विशाल प्रांगण में बुधवार को ‘मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना’ के अंतर्गत एक भव्य व ऐतिहासिक समारोह का आयोजन किया गया। इस भव्य कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों और समुदायों के कुल 412 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि डुमरियागंज सांसद जगदम्बिका पाल, बांसी विधायक जय प्रताप सिंह, कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, पूर्व शिक्षा मंत्री/पूर्व विधायक इटवा डॉ. सतीश द्विवेदी, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन एवं मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

सर्वधर्म समभाव की मिसाल: 303 हिंदू, 64 बौद्ध और 45 मुस्लिम जोड़ों का हुआ विवाह

सामूहिक विवाह समारोह में सर्वधर्म समभाव का अनूठा नजारा देखने को मिला। कार्यक्रम में:

  • 303 हिंदू जोड़ों का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आचार्यों/पंडितों द्वारा विवाह संपन्न कराया गया।

  • 64 बौद्ध जोड़ों का उनके धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह हुआ।

  • 45 मुस्लिम जोड़ों का मौलानाओं द्वारा निकाह पढ़ाया गया।

शादी समारोह के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए प्रत्येक पंक्ति के लिए अलग-अलग प्रभारी अधिकारी तैनात किए गए थे।

समानता और जनसेवा का प्रतीक है सामूहिक विवाह: सांसद जगदम्बिका पाल

मुख्य अतिथि एवं डुमरियागंज सांसद जगदम्बिका पाल ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि, “उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री के निर्देशन और जिला प्रशासन के कुशल नेतृत्व में यह भव्य आयोजन संपन्न हो रहा है। गरीब परिवारों को अपनी बेटियों की शादी की जो चिंता रहती थी, मुख्यमंत्री जी ने उसे दूर कर सभी को समान रूप से भव्य मंच प्रदान किया है। जिला प्रशासन के माध्यम से नवयुगल जोड़ों को रोजगार व प्लेसमेंट से भी जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया जा रहा है।”

योजना से गरीबों को मिल रहा सीधा लाभ: विधायकगण व जनप्रतिनिधि

  • बांसी विधायक जय प्रताप सिंह ने कहा कि वर्ष 2018 से शुरू हुई इस योजना के तहत वधू के खाते में पारदर्शी तरीके से डीबीटी के माध्यम से सीधी धनराशि भेजी जा रही है।

  • कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र पर काम करते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक आवास, राशन, गैस सिलेंडर और सामूहिक विवाह जैसी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।

  • भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने इसे सेवा संकल्प और गरीब कल्याण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया।

प्रत्येक वधू को ₹64,000 की नकद राशि, गृहस्थी का सामान और ड्राई फ्रूट्स उपहार

जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए योजना के वित्तीय विवरण की जानकारी दी:

  • नकद वित्तीय सहायता: प्रत्येक वधू के बैंक खाते में ₹64,000 की धनराशि डीबीटी (DBT) के माध्यम से भेजी गई।

  • गृहस्थी उपहार (मूल्य ₹21,000): नवविवाहित जोड़ों को 5 साड़ी-ब्लाउज सेट, पेटीकोट, चुनरी, दूल्हे के कपड़े (पैंट-शर्ट), गमछा, 5 लीटर प्रेशर कुकर, कड़ाही, डिनर सेट, ट्रॉली बैग, दीवार घड़ी, सीलिंग फैन, कूल केज (10 लीटर), प्रेस, गद्दा, डबल बेड चादर, तकिया व कवर, कंबल, वैनिटी किट, चूड़ी-कंगन और सिंदूरा प्रदान किया गया।

  • पौष्टिक उपहार: जोड़ों को 5 किग्रा लड्डू के साथ 500 ग्राम बादाम, 250 ग्राम अखरोट, 250 ग्राम मखाना, 500 ग्राम किशमिश और सूखा नारियल भी उपहार स्वरूप दिया गया।

वर-वधू को आशीर्वाद देने पहुंचे ये प्रमुख जन

इस ऐतिहासिक अवसर पर सांसद प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) गौरव श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह, संबंधित खंड विकास अधिकारी (BDO), अधिशासी अधिकारी (EO) सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नवदंपतियों के परिजन उपस्थित रहे |