इटवा थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, भाई ने पति पर लगाया हत्या का गंभीर आरोप

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर: जिले के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के रमवापुर जगतराम निवासी रविंद्र कुमार ने अपनी बहन शालिनी शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में उसके पति पर सनसनीखेज और गंभीर आरोप लगाए हैं। रविंद्र ने इटवा थाने में लिखित तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी पति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

15 साल पुरानी शादी और प्रताड़ना का आरोप

तहरीर के अनुसार, रविंद्र कुमार ने अपनी बहन शालिनी की शादी करीब 15 वर्ष पूर्व इटवा थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी पुरुषोत्तम शर्मा के साथ की थी। आरोप है कि पिछले चार वर्षों से पति का किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध चल रहा था। इसी बात को लेकर आरोपी पति शराब के नशे में रोजाना अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि आरोपी अपने बच्चों के साथ भी हिंसा और मारपीट करता था।

तीन महीने पहले भांजी की मौत का भी जिक्र

मामले में सनसनीखेज मोड़ तब आया जब भाई ने आरोप लगाया कि करीब तीन महीने पहले उनकी सात वर्षीय भांजी की भी सरिया से हमला करके हत्या कर दी गई थी। इस पुरानी घटना की शिकायत शाहपुर पुलिस चौकी पर दर्ज कराई गई थी, लेकिन परिवार का आरोप है कि पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके अलावा, आरोपी पति अपनी कथित प्रेमिका को घर लाता था और शालिनी को जान से मारने की धमकी देता था। रविंद्र ने बहन की मौत को स्वाभाविक नहीं बल्कि सोची-समझी हत्या बताया है।

पुलिस का पक्ष

घटना के संबंध में शाहपुर चौकी प्रभारी अखिलेश मिश्र ने जानकारी दी है कि मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा और रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।