📅 Published on: October 20, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर: डुमरियागंज तहसील मुख्यालय पर वर्षों से अधूरे पड़े प्रेस भवन के निर्माण कार्य को अब जल्द ही गति मिलने की उम्मीद है। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन सिद्धार्थनगर के प्रतिनिधिमंडल ने जिला मुख्यालय पर डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल से मुलाकात कर एक मांग पत्र सौंपा। पत्र के माध्यम से प्रेस भवन के अवशेष निर्माण कार्य को पूर्ण कराने के लिए सांसद निधि से ₹10,00,000 (दस लाख रुपये) की धनराशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था। सांसद महोदय ने इस मांग को तुरंत स्वीकार करते हुए अपनी सांसद निधि से ₹10 लाख देने का वादा किया है।
पूर्व में भी मिल चुका है सहयोग
पत्र में इस बात का उल्लेख किया गया है कि डुमरियागंज तहसील मुख्यालय पर क्षेत्र के पत्रकारों की सुविधा के लिए वर्ष 2021-22 में इस प्रेस भवन का निर्माण कार्य शुरू कराया गया था। लगभग 4,000 वर्गफीट क्षेत्रफल में बन रहे इस दो मंजिला भवन का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है, परंतु वित्तीय अभाव के कारण शेष कार्य रुका हुआ है। इससे पहले सांसद जगदंबिका पाल द्वारा इस भवन हेतु ₹5,00,000 की राशि दी जा चुकी है। इसके अलावा, शिक्षक एमएलसी ध्रुव त्रिपाठी द्वारा ₹3,00,000 और तत्कालीन विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह द्वारा विधायक निधि से ₹4,00,000 का सहयोग प्रदान किया गया था।
पत्रकारों में हर्ष का माहौल
सांसद द्वारा पुनः आर्थिक सहायता का आश्वासन मिलने पर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने आभार व्यक्त किया है। इस अवसर पर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला उपाध्यक्ष श्री अजय पांडेय और वरिष्ठ पत्रकार श्री संजय त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस नए सहयोग से प्रेस भवन का निर्माण कार्य जल्द पूरा होने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्र के पत्रकारों को समाचार संकलन, बैठकों और अन्य गतिविधियों के लिए एक सुविधायुक्त और स्थायी भवन मिल सकेगा।