📅 Published on: October 20, 2026
बांसी नगर पालिका क्षेत्र के अकबरनगर मोहल्ले में स्थित पुराने मकान में हुई चोरी।
बड़े व्यापारी विष्णु जायसवाल उर्फ सोनू जायसवाल का मकान है निशाना।
अलमारी और लॉकर के ताले टूटे, सामान बिखरा मिला।
कुछ महीने पहले नए मकान में भी हुई थी लाखों की चोरी।
कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुटी।
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। जिले के बांसी नगर पालिका क्षेत्र के अकबरनगर मोहल्ले में चोरों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की है। यहां प्रसिद्ध बड़े व्यापारी विष्णु जायसवाल उर्फ सोनू जायसवाल के पुराने मकान का पीछे का दरवाजा तोड़कर चोर अंदर घुस गए। चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारी और लॉकर के ताले तोड़ डाले तथा सभी कागजात व अन्य सामान को इधर-उधर बिखेर दिया।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, जिस मकान को निशाना बनाया गया वह पुराना मकान है और वहां कोई विशेष कीमती सामान या नकदी नहीं रखी हुई थी। इस वजह से चोरों के हाथ क्या लगा और वे क्या लेकर फरार हुए, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय व्यापारियों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।
पहले भी हो चुकी है चोरी की घटना
खास बात यह है कि विष्णु जायसवाल की पत्नी पूनम जायसवाल बांसी नगर पालिका अध्यक्ष पद का चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़ चुकी हैं। परिवार के साथ हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि कुछ महीने पहले ही इनके सीओ कार्यालय के सामने स्थित नए मकान में भी लाखों रुपये की चोरी की घटना सामने आई थी। एक ही परिवार के सदस्यों के मकानों को बार-बार निशाना बनाए जाने से इलाके के व्यापारियों में चिंता का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट कर दी जाएगी।