सड़क के गड्ढे ने ली हादसे की शक्ल: बाइक सवार युवक का टूटा पैर, ग्रामीणों में आक्रोश

Kapilvastupost

बढ़नी, सिद्धार्थनगर: क्षेत्र की जर्जर सड़कों और जानलेवा गड्ढों के कारण आए दिन हो रहे हादसे अब गंभीर रूप लेते जा रहे हैं। ताजा मामला शुक्रवार रात करीब सात बजे का है, जहां जमधरा और ढेकहरी बुजुर्ग के बीच सड़क के बड़े गड्ढे को बचाने के प्रयास में एक बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया। इस भीषण हादसे में युवक का पैर टूट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

गड्ढा बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैरिया गांव निवासी राम प्रताप (पुत्र रामबृक्ष, उम्र 22 वर्ष) शुक्रवार रात करीब सात बजे जमधरा से ढेकहरी बुजुर्ग की तरफ अपनी बाइक (नंबर: UP 55 AZ 9813) से जा रहे थे। रास्ते में अचानक आए गहरे गड्ढे को बचाने की कोशिश में उनका संतुलन बिगड़ गया और उनकी बाइक सीधे बिजली के खंभे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) बढ़नी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गनीमत यह रही कि टक्कर के दौरान बिजली का खंभा नहीं टूटा, अन्यथा जनहानि जैसी बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। हादसे के वक्त उस क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई थी।

एक दिन पहले पलटा था बालू लदा ट्रक

क्षेत्रीय नागरिकों ने इस घटना को लेकर लोक निर्माण विभाग (PWD) की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष व्यक्त किया है। स्थानीय निवासी अनुज चौधरी ने बताया कि सिर्फ यही नहीं, बल्कि इसके ठीक एक दिन पहले गुरुवार रात दुधवानिया खुर्द गांव के पास खुरहुरिया मार्ग पर बालू से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गया था। यदि समय रहते इन गड्ढों और सड़कों की मरम्मत करा दी जाती, तो शायद इन हादसों को टाला जा सकता था।

वहीं, सुरेंद्र आजाद ने बताया कि ढेबरूआ से मढ़नी तक जाने वाले मार्ग पर कई स्थानों पर गहरे और खतरनाक गड्ढे बने हुए हैं। विशाल और मनीष नामक स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शासन स्तर से सड़कों को गड्ढामुक्त करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं, लेकिन मैदानी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। अजय ने रोष जताते हुए कहा कि खराब सड़कों की यह समस्या पहले भी मीडिया के माध्यम से उठाई जा चुकी है, लेकिन विभाग कुंभकर्णी नींद में सोया हुआ है।

जिलाधिकारी से लगाई गुहार

लगातार हो रही दुर्घटनाओं से सहमे ग्रामीणों ने अब जिलाधिकारी से मामले का त्वरित संज्ञान लेने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही संबंधित विभाग को सड़कों की मरम्मत और गड्ढों को भरने के कड़े निर्देश नहीं दिए गए, तो आने वाले दिनों में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।