📅 Published on: October 25, 2026
Kapilvastupost
बढ़नी, सिद्धार्थनगर: जनपद के ढेबरुआ थाना क्षेत्र की पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 15.92 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय भेज दिया है।
मुखबिर और पुलिस की सटीक कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, बीते शुक्रवार को ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी-पचपेड़वा मार्ग पर घरुआर पुलिया के समीप थानाध्यक्ष चन्द्रकान्त पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग और गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 15.92 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई, जिसकी बाजार में अच्छी-खासी कीमत आंकी जा रही है।
आरोपी की पहचान
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में पकड़े गए आरोपी की पहचान शिन्टू (24 वर्ष) पुत्र लाल बहादुर, निवासी लालनगर सिपहिया, थाना तुलसीपुर, जनपद बलरामपुर के रूप में हुई है।
दर्ज हुआ मुकदमा
इस मामले में ढेबरुआ थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 148/2026 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
इस सफल अभियान को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में निम्नलिखित अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे:
थानाध्यक्ष चन्द्रकान्त पाण्डेय (थाना ढेबरुआ) ,उप निरीक्षक राजाराम यादव ,हेड कांस्टेबल अनूप कुमार यादव ,कांस्टेबल प्रबल कुमार ,कांस्टेबल अरविन्द यादव