📅 Published on: October 28, 2026
कपिलवस्तुपोस्ट
सिद्धार्थनगर: जिले के इटवा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ संदिग्ध परिस्थितियों में एक 26 वर्षीय युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना धोबहा मुस्तहकम गांव के एक आम के बगीचे की है, जहाँ युवक का शव कपड़े के फंदे के सहारे पेड़ से झूलता हुआ मिला।
मार्च महीने में होनी थी शादी मृतक की पहचान बृजेश मिश्रा (26) पुत्र महीनक मिश्रा के रूप में हुई है, जो ग्राम पंचायत धौरहरा के प्रसादी खात टोला, मिश्रौलिया मय शिवदासपुर के निवासी थे। परिजनों के अनुसार, बृजेश की आगामी मार्च महीने में शादी तय थी, जिसकी तैयारियां चल रही थीं। अचानक हुई इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद परिवार में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। फिलहाल युवक की मौत के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची इटवा थाना पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में ले लिया है और मामले की गहराई से छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।