📅 Published on: October 31, 2026
कपिलवस्तु पोस्ट
सिद्धार्थनगर: भारत रत्न ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर जिले में राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन धूमधाम से किया गया। स्थानीय अम्बेडकर सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी (CDO) बलराम सिंह ने की, जबकि डुमरियागंज सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
562 रियासतों के विलय को किया गया याद
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने देश के एकीकरण में सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
सांसद प्रतिनिधि एस पी अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल ने अपनी अद्भुत सूझबूझ और दूरदर्शिता के बल पर 562 रियासतों का भारत संघ में सफलतापूर्वक विलय कराया था। उन्होंने देश को एक सूत्र में पिरोने के इस महान कार्य के लिए सरदार पटेल के सिद्धांतों को जीवन में उतारने और पूरी निष्ठा व ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि सरदार पटेल भारतीय इतिहास की एक महान विभूति थे, जिन्होंने अखंड भारत के निर्माण की नींव रखी।
शपथ ग्रहण और प्रमुख उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और एसएसबी जवानों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, अधिवक्ता सत्यदेव सिंह, एसएसबी के जवान, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी गणेश प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन सिद्धार्थ शंकर ने किया।