शोहरतगढ़ विधायक ने बढ़नी में 350 स्वास्थ्य कर्मियों को किया सम्मानित, दीपावली पर साड़ी और मिष्ठान्न भेंट कर बढ़ाया उत्साह

nizam ansari

बढ़नी (सिद्धार्थनगर):

दीपावली के पावन अवसर पर शनिवार को बढ़नी ब्लॉक परिसर में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा और उनकी धर्मपत्नी बबिता वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने बढ़नी व इटवा आंशिक ब्लॉक के करीब 350 स्वास्थ्य कर्मियों (आशा, एएनएम और संगिनी बहनों) को साड़ी एवं मिष्ठान्न भेंटकर सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक विनय वर्मा ने स्वास्थ्य कर्मियों के सेवा भाव, समर्पण और समाज के प्रति उनके योगदान की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि आशा बहनें, एएनएम, संगिनी और स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं। गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों के टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, परिवार कल्याण और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में इनकी भूमिका अत्यधिक महत्वपूर्ण है।

उन्होंने आगे कहा कि विषम परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ काम करने वाले इन स्वास्थ्य कर्मियों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। उनका समर्पण पूरे समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत है। दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और एक-दूसरे के प्रति सम्मान व सद्भाव व्यक्त करने का पावन अवसर है, इसी भावना के साथ यह आयोजन किया गया। विधायक ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को भविष्य में भी इसी सेवा भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ. बीएन चतुर्वेदी, इटवा सीएचसी अधीक्षक डॉ. संदीप द्विवेदी, बढ़नी एमओआईसी डॉ. अविनाश चौधरी, प्रदीप कमलापुरी, विजय पाण्डेय, रामदास मौर्य, अनिल मिश्र, विशाल सिंह, विष्णु सिंह, संजय मित्तल, दीपक वर्मा, रत्नेश सोनी, मनोज सोनी, दुर्गेश पांडेय, विवेक गुप्ता और विपिन कुमार सोनी सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।