📅 Published on: November 1, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर: जिले के बढ़नी क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक पत्रकार और उसके परिवार को सुनियोजित तरीके से झूठे मामलों में फंसाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की गहरी साजिश रची जा रही है। पीड़ित पत्रकार ने इस षड्यंत्र के खिलाफ प्रदेश के उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
परदे के पीछे रहकर रची जा रही है साजिश
पीड़ित पत्रकार का आरोप है कि जनपद में देश और समाज विरोधी गतिविधियों में संलिप्त कुछ कारोबारी परदे के पीछे रहकर लगातार उसके और उसके परिवार के खिलाफ षड्यंत्र रच रहे हैं। ये लोग खुद सामने आने के बजाय कुछ महिलाओं को आगे कर झूठी शिकायतें दर्ज करा रहे हैं, ताकि पत्रकार को गंभीर धाराओं में फंसाया जा सके।
शिकायती पत्र में यह भी खुलासा किया गया है कि ये तत्व रात के समय गुप्त बैठकें आयोजित कर पत्रकार की छवि धूमिल करने और उसके परिवार को परेशान करने की योजना बनाते हैं।
भ्रष्टाचार के खिलाफ खबरें छापने से बौखलाए आरोपी
पीड़ित का कहना है कि वह लंबे समय से क्षेत्र में भ्रष्टाचार और समाज विरोधी गतिविधियों के खिलाफ मुखर होकर खबरें प्रकाशित करता रहा है। इसी बात से बौखलाकर ये असामाजिक तत्व उसे चुप कराने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रहे हैं।
उच्चस्तरीय जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग
पीड़ित पत्रकार ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, ताकि परदे के पीछे रहकर साजिश रचने वाले मुख्य चेहरों को बेनकाब किया जा सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो सके। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो पत्रकार संगठनों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।