📅 Published on: November 5, 2026
कपिलवस्तुपोस्ट
सिद्धार्थनगर / बढ़नी:
आगामी दीपावली और छठ पूजा के पावन पर्व के अवसर पर नगर पंचायत बढ़नी स्थित डाक बंगले पर एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेता एवं प्रसिद्ध समाजसेवी श्याम जायसवाल का नगर पंचायत कर्मियों द्वारा पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया।
इस दौरान समारोह में उपस्थित पत्रकारों, सभासदों, कार्यालय कर्मचारियों और नगर की व्यवस्थाओं को संभालने वाले सफाईकर्मियों को अंगवस्त्र, शॉल एवं मिष्ठान भेंटकर सम्मानित किया गया।चेयरमैन सुनील अग्रहरि की मौजूदगी में भाजपा नेता श्याम जायसवाल ने सभी सभासदों का माल्यार्पण कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता एवं समाजसेवी श्याम जायसवाल ने कहा: नगर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में सफाईकर्मियों की अहम भूमिका है। ये स्वच्छता के सिपाही सुबह साढ़े तीन बजे से ही अपने काम में जुट जाते हैं, तब जाकर नगरवासियों को साफ-सुथरा वातावरण मिल पाता है। ऐसे कर्मठ लोगों के परिश्रम और समर्पण का सम्मान होना चाहिए।
सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय लोगों को भी उनका मनोबल बढ़ाने के लिए आगे आना चाहिए। सभासद जनता की आवाज बनकर उनकी समस्याओं को सामने लाते हैं, जबकि कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों से नगर की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखते हैं। नगर का विकास योजनाओं के साथ ही लोगों के सामूहिक प्रयास और समर्पण से सम्भव होता है। राजनीति मेरे लिए पद और प्रतिष्ठा नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के सम्मान और सेवा का माध्यम है।
विधानसभा क्षेत्र 302 शोहरतगढ़ के प्रत्येक गांव, गली और परिवार से आत्मीय सम्बन्ध बनाये रखना तथा लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनना मेरी प्राथमिकता है; जनता का विश्वास और स्नेह ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि / चेयरमैन सुनील अग्रहरिने कहा नगर पंचायत बढ़नी के विकास की असली ताकत मेरा कोई प्रशासनिक पद नहीं, बल्कि मेरे कर्मचारियों और सफाईकर्मियों के साथ मेरा आत्मीय पारिवारिक रिश्ता है।”
मेरे दफ्तर में कोई भी कर्मचारी मुझे केवल अपना ‘चेयरमैन’ नहीं समझता, बल्कि वे मुझे अपने परिवार के एक सदस्य—एक भाई और एक बेटे की तरह मानते हैं। हमारे बीच कोई ऊंच-नीच या औपचारिकता की दीवार नहीं है, हम सब एक ही परिवार की तरह साथ बैठकर अपने नगर की समस्याओं पर चर्चा करते हैं और समाधान निकालते हैं।”
ये सफाईकर्मी और कार्यालय के साथी मेरे लिए सिर्फ काम करने वाले लोग नहीं हैं, बल्कि ये मेरी उस मजबूत टीम का हिस्सा हैं जो मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलती है। हम सब मिलकर बढ़नी को संवारने का काम करते हैं, जहां हर निर्णय आपसी राय, विश्वास और एक-दूसरे के सम्मान की नींव पर लिया जाता है।
प्रमुख उपस्थिति
समारोह के दौरान सभासद निज़ाम अहमद, रजीउद्दीन, निसार अहमद, मुन्नू मौर्या, अनीता जायसवाल सहित नगर पंचायत बढ़नी के समस्त अधिकारी, कर्मचारी, सम्मानित पत्रकार बंधु एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।