दीपावली पर नगर पंचायत कर्मचारियों का हुआ सम्मान, अंगवस्त्र और मिठाई भेंट कर किया गया सम्मानित

कपिलवस्तुपोस्ट 

सिद्धार्थनगर:

डुमरियागंज नगर पंचायत में दीपावली के पावन पर्व पर नगर के विकास और साफ-सफाई में अहम भूमिका निभाने वाले कर्मचारियों के सम्मान में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान कर्मचारियों को अंगवस्त्र और मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके लिए प्रीतिभोज की व्यवस्था की गई।

कार्यक्रम का आयोजन वार्ड नंबर 15 (गांधी नगर) के सभासद मुजीब उर्फ मजीबुल्लाह की ओर से किया गया। इस मौके पर कर्मचारियों के समर्पण और सेवाभाव की सराहना की गई।

मीडिया से बातचीत करते हुए आयोजक सभासद मुजीब उर्फ मजीबुल्लाह ने कहा कि नगर पंचायत के कर्मचारी दिन-रात कड़ी मेहनत कर नगर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाए रखने में अपना अहम योगदान देते हैं। उनके इसी अटूट समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए यह आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि इन मेहनतकश कर्मचारियों का सम्मान करना उनके लिए गर्व का विषय है।

इस अवसर पर मुकेश कुमार सिंह, राशिद फारूकी, जहीर सिद्दीकी, इरशाद फारूकी, सलमान मेंहदी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।