Big breaking Siddharth Nagar- सिद्धार्थनगर में पानीपुरी-टिकिया का कहर: फूड पॉइजनिंग से 100 से अधिक लोग बीमार, 35 से ज्यादा बच्चे मेडिकल कॉलेज में भर्ती

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर: जिले के खेसराहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पेडारी और कलनाखोर गांव में पानीपुरी और टिकिया खाने से एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहाँ स्ट्रीट फूड खाने से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों समेत लगभग 100 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

फेरीवाले से खाई थी पानीपुरी और टिकिया

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की शाम को एक फेरीवाला इन गांवों में पानीपुरी और टिकिया बेचने आया था। ग्रामीणों और बच्चों ने उससे चीजें खरीदकर खाईं। इसके कुछ ही घंटों बाद लोगों को पेट दर्द, चक्कर, उल्टी और दस्त की गंभीर शिकायत होने लगी। देखते ही देखते कई परिवारों के दर्जनों लोग इसकी चपेट में आ गए।

पीड़ित परिजनों में शामिल आशीष मौर्य ने बताया कि उनकी बहन ने भी शुक्रवार शाम फेरीवाले से पानीपुरी खाई थी, जिसके कुछ देर बाद ही उसकी तबीयत अचानक काफी बिगड़ गई और उसे लगातार उल्टियाँ होने लगीं।

मेडिकल कॉलेज में इमरजेंसी वार्ड फुल

गाँव में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से अफ़रा-तफरी मच गई। आनन-फानन में परिजनों ने सभी पीड़ितों को माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज, सिद्धार्थनगर पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। अस्पताल में इस समय 35 से 36 बच्चों को भर्ती कराया गया है, जिनका उपचार जारी है।

स्वास्थ्य विभाग की स्थिति पर नज़र

राहत की बात यह है कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार अभी तक किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। सभी का इलाज समय पर शुरू हो जाने से स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग खाद्य सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गया है और फेरीवाले की तलाश की जा रही है।