📅 Published on: November 7, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर: जिले के नौगढ़ क्षेत्र के बी पैक्स बेल्टीकर (B-PACS Beltikar) की भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण पर शुक्रवार को प्रशासन का बुलडोजर गरज उठा। राजस्व विभाग और स्थानीय पुलिस बल की मौजूदगी में इस अवैध कब्जे को पूरी तरह से हटा दिया गया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि सरकारी या समिति की जमीन पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
रात में खड़ी कर दी थी दीवार, अगले दिन हुई कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को राजस्व लेखपाल और समिति के सचिव ने मौके पर पहुंचकर बी पैक्स बेल्टीकर की भूमि पर अवैध निर्माण कर रहे लोगों को काम रोकने की सख्त हिदायत दी थी। इसके बावजूद दबंगों ने नियमों को ताक पर रखकर रात के अंधेरे में दीवार खड़ी करने का दुस्साहस किया।
जब इसकी भनक प्रशासनिक अधिकारियों को लगी, तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई का निर्णय लिया।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
शुक्रवार को नायब तहसीलदार अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम और सहायक विकास अधिकारी (ADO) नौगढ़ अम्बरीश यादव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने बिना किसी देरी के बुलडोजर चलवाकर समिति की जमीन पर किए जा रहे अवैध निर्माण को नेस्तनाबूद कर दिया।
प्रशासन की दो टूक चेतावनी
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि जो भी लोग समिति की भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण किए हुए हैं, उन्हें पहले ही नोटिस देकर कब्जा हटाने का निर्देश दिया जा चुका है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में किसी ने भी सरकारी या सहकारिता विभाग की संपत्तियों पर कब्जा करने की कोशिश की, तो उनके खिलाफ और भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।