मार्ग दुर्घटना में घायल युवक की मौत, परिजनों में छाया मातम

Kapilvastupost

डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। डुमरियागंज कस्बे में इटवा मार्ग पर स्थित एक होटल के पास हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कैली अस्पताल बस्ती में युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में रोना-पिटना मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, डुमरियागंज थाना क्षेत्र के तेनुहार उर्फ कठौतिया गांव निवासी आशीष कुमार (29) पुत्र नेबूलाल गुरुवार की शाम लगभग छह बजे किसी काम से मंदिर चौराहे से इटवा मार्ग की तरफ जा रहे थे। रास्ते में एक होटल के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

इलाज के दौरान तोड़ा दम दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल आशीष को तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सीएचसी बेंवा रेफर कर दिया। हालत नाजुक होने के कारण वहां से डॉक्टरों ने उन्हें कैली अस्पताल, बस्ती के लिए रेफर कर दिया।

ग्राम प्रशासक मनोज निषाद ने बताया कि बस्ती स्थित कैली अस्पताल में इलाज के दौरान आशीष ने दम तोड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को है। मृतक का बस्ती में पोस्टमार्टम कराया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

प्रतीकात्मक फोटो