📅 Published on: November 11, 2026
Kapilvastupost
इटवा, सिद्धार्थनगर । इटवा थाना क्षेत्र के धोबहा मुस्तहकम गांव में सोमवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या कर शव फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत सात ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मायके पक्ष का गंभीर आरोप
पथरा बाजार थाना क्षेत्र के खदरी गांव निवासी सुमन सिंह पच्चीस वर्ष की शादी वर्ष 2021 में धोबहा मुस्तहकम गांव निवासी नवीन कुमार सिंह पुत्र कैलाश चंद्र सिंह के साथ हुई थी। मृतका के भाई बच्चा सिंह ने इटवा थाने में दी गई तहरीर में बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसकी बहन को लगातार प्रताड़ित करते थे।
भाई का आरोप है कि सोमवार को करीब साढ़े ग्यारह बजे दिन में दहेज की मांग पूरी न होने पर पति नवीन कुमार सिंह, देवर पिंटू सिंह व टुन्नू सिंह, पिंटू की पत्नी रेनू, टुन्नू की पत्नी अर्चना, सास कुमुद और ससुर कैलाश चंद्र सिंह ने मिलकर सुमन की हत्या कर दी और घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को फंदे से लटका दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष अनिल कुमार दुबे ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर सभी सात नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 80(2), 85 और 3/4 डीपी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।