सिद्धार्थनगर: पेड़ारी में अनियंत्रित होकर पानी से भरी पिकअप गड्ढे में पलटी, चालक बाल-बाल बचा

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर: कछार क्षेत्र के कई दर्जन गांवों में शुद्ध पेयजल पहुंचाने वाली एक पिकअप गाड़ी ग्राम पेड़ारी के पास अनियंत्रित होकर पानी से भरे गड्ढे में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में वाहन चालक बाल-बाल बच गया, हालांकि गाड़ी में रखी पानी की टंकी और जार क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

धोबहा गांव निवासी मनीराम की यह पिकअप गाड़ी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति का प्रमुख साधन है। मिली जानकारी के अनुसार, वाहन में पानी से भरी बड़ी टंकी और कई जार लदे हुए थे। जैसे ही वाहन ग्राम पेड़ारी के पास पहुंचा, वह अचानक असंतुलित होकर सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरा।

चालक सुरक्षित, पेयजल आपूर्ति पर संकट गनीमत यह रही कि समय रहते चालक वाहन से बाहर निकलने में सफल रहा, जिससे उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि, इस दुर्घटना में पानी की मुख्य टंकी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और जार भी टूट गए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी वाहन के जरिए कछार क्षेत्र के दर्जनों गांवों के घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाता था। वाहन और टंकी के क्षतिग्रस्त होने से अब इन गांवों में पेयजल आपूर्ति के बाधित होने की पूरी आशंका जताई जा रही है, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।