📅 Published on: November 9, 2026
कपिलवस्तुपोस्ट
सिद्धार्थनगर / डुमरियागंज:
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं की हकीकत परखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. संजय कुमार दोहरे ने शुक्रवार को डुमरियागंज क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHCs) बेवा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में दो कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए अस्पताल प्रशासन को विशेष निर्देश दिए गए हैं।
इमरजेंसी और लेबर रूम का लिया जायजा
मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुबह करीब 10 बजकर 44 मिनट पर सीएचसी बेवा पहुंचे। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, लेबर रूम, ओपीडी और वैक्सीन कक्ष सहित अस्पताल के विभिन्न विभागों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के समय दो कर्मचारियों के नदारद मिलने पर सख्त रुख अपनाते हुए सीएमओ ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
दीपावली पर पांच बर्न बेड आरक्षित रखने के निर्देश
त्योहारी सीजन और आपातकालीन स्थितियों को ध्यान में रखते हुए सीएमओ ने अस्पताल में पांच बर्न बेड आरक्षित रखने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीपावली पर पटाखों से झुलसने या अन्य किसी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, इसलिए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दवाएं, चिकित्सा उपकरण और स्वास्थ्य कर्मियों की पूरी उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
सीएमओ ने अस्पताल पहुंचने वाले सभी मरीजों को समय से और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया। इस निरीक्षण के दौरान डॉ. राहुल चौधरी, डॉ. एमके वर्मा, डॉ. संजय पाण्डेय, दुर्गेश कुमार, सुरेंद्र कुमार, बब्बू बेग, केशव कुमार और मनीष कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी और अधिकारी मौजूद रहे।