जोगिया के नगरा गांव में 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, घर में मिला शव

Kapilvastupost

जोगिया (सिद्धार्थनगर)। जोगिया कोतवाली क्षेत्र के नगरा गांव में रविवार रात एक 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार नगरा गांव निवासी इनल (21) पुत्र शिव वचन रविवार रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में चला गया। काफी देर बाद परिजन उसे बुलाने पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद मिला। अंदर झांककर देखने पर परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।
ग्रामीणों के मुताबिक इनल की शादी कुछ वर्ष पहले लोटन थाना क्षेत्र के बेलौही गांव में हुई थी। घटना के समय उसकी पत्नी मायके गई हुई थी।
थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।