गाली-गलौज का विरोध करने पर परिवार पर हमला, मां-बेटी समेत चार घायल; चार के खिलाफ केस दर्ज

Kapilvastupost

मिश्रौलिया। मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के सेमरा बाबा गांव में गाली-गलौज का विरोध करने पर एक ही परिवार के चार सदस्यों को बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। इस हमले में मां-बेटी समेत चार लोग घायल हो गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, सेमरा बाबा गांव निवासी कैलाशी पत्नी गंगाराम चौधरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव की ही रिंका और सुनीता उनके परिवार को गाली दे रही थीं। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो रिंका, सुनीता, गौकरन और जीतू ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए उन्हें तथा उनकी बेटियों रेखा व गुड़िया और बेटे प्रदीप को जमीन पर पटककर लात-घूंसों व डंडे से पीटा।

इस मारपीट में कैलाशी के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं, वहीं उनकी दोनों बेटियां और बेटा भी घायल हो गए। पीड़िता का आरोप है कि हमलावर मारपीट करने के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना को लेकर मिश्रौलिया के थानाध्यक्ष रामदेव ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपितों रिंका, सुनीता, गौकरन और जीतू के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3), 352 और 115 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।