बलुआ चौराहे पर युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल, आधा दर्जन से अधिक लोगों पर केस दर्ज कराने की मांग

कपिलवस्तु पोस्ट

सिद्धार्थनगर। जिले के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलुआ चौराहे पर एक युवक को बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में युवक के साथ मारपीट होती दिख रही है, जिसे लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, गाय के अचानक चौंककर भागने के बाद विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प और मारपीट में बदल गया। पीड़ित युवक सोहन का आरोप है कि वह प्रभुनाथ को उठाने के लिए मौके पर पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों व लात-घूंसों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।

पीड़ित सोहन ने श्याम, विजय, भरताल, बब्बू, राजू शुक्ला और अनूप पांडेय समेत अन्य लोगों पर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। उसका यह भी कहना है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना के बाद पीड़ित ने त्रिलोकपुर थाने में तहरीर देकर नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।