नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों से मिले श्याम जायसवाल, शोहरतगढ़ के विकास और चुनावी तैयारियों पर हुई चर्चा

निजाम अंसारी

नई दिल्ली / शोहरतगढ़: भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्याम जायसवाल ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात की। जानकारी के अनुसार, उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी जगदीश पटेल तथा राष्ट्रीय सचिव एवं बुलंदशहर के सांसद भोला सिंह से भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।

इस मुलाकात के दौरान विधानसभा क्षेत्र 302 (शोहरतगढ़) के राजनीतिक, सामाजिक और विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों, क्षेत्र की जनसमस्याओं और विकास की भावी योजनाओं को लेकर भी संवाद किया गया।

श्याम जायसवाल ने कहा कि वरिष्ठ नेतृत्व से मिले मार्गदर्शन और अनुभव से जनसेवा के संकल्प को और मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि उनका निरंतर प्रयास है कि शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र की जनता की आवाज उचित मंच तक पहुंचाई जाए तथा क्षेत्र के विकास, जनकल्याण और संगठन की मजबूती के लिए कार्य जारी रखा जाए।