गर्भवती महिला की मौत के बाद खड़सरी के अस्पताल पर चस्पा नोटिस, पर उठ रहे सवाल: आखिर कब तक चलेगा ‘बंद दरवाजों’ का खेल? चिकित्साधीक्षक और सीएमओ नोडल अधिकारी की कार्यशैली कटघरे में

पूर्व के डी एम और सी एम ओ द्वारा हर महीने निजी अस्पतालों का निरीक्षण करवाते रहते थे अगर निरीक्षण वेरिफिकेशन सही तरीके से होते तो शायद ऐसी नौबत नहीं आती।

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। जिले में एक गर्भवती महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई की औपचारिकता एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। खड़सरी स्थित फैमिली हेल्थ केयर हॉस्पिटल पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नोटिस तो चस्पा कर दिया, लेकिन जब टीम मौके पर पहुंची तो अस्पताल बंद मिला। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि आखिर संवेदनशील मामले में टीम के पहुंचने से पहले ही अस्पताल को ‘बंद’ होने का मौका कैसे मिल गया और क्या यह महज खानापूर्ति तक सीमित रह जाएगा?

गर्भवती महिला की मौत के मामले में अस्पताल की भूमिका, उपचार में बरती गई सावधानियों और अन्य चिकित्सकीय तथ्यों की जांच की जा रही है। लेकिन जिस तरह से जांच टीम के पहुंचने पर अस्पताल का ताला लटका मिला, उसने चिकित्साधीक्षक और सीएमओ नोडल अधिकारी की निगरानी व कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों और जानकारों के बीच यह चर्चा तेज है कि क्या जिले में निजी अस्पतालों और कथित स्वास्थ्य केंद्रों पर नोडल अधिकारियों की पकड़ इतनी ढीली है कि गंभीर घटना के बाद भी संचालक बेखौफ होकर दरवाजे बंद कर खिसक लेते हैं? यदि समय रहते और सख्त निगरानी होती, तो शायद इस तरह की लापरवाहियों और मौतों का सिलसिला थमता।

स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद अब जांच रिपोर्ट और आगे होने वाली ठोस कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं। देखना यह होगा कि चिकित्साधीक्षक और सीएमओ नोडल अधिकारी केवल नोटिस चस्पा करने तक ही अपनी जिम्मेदारी सीमित रखते हैं या फिर दोषी संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी और विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करते हैं।