📅 Published on: November 21, 2026
Kapilvastupost
भनवापुर / डुमरियागंज / भवानीगंज (सिद्धार्थनगर): जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को सड़क हादसे और मारपीट की घटनाएं सामने आईं। डुमरियागंज क्षेत्र में ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई और उसके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, भवानीगंज क्षेत्र में बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में कई लोग घायल हुए हैं।
अनदुआ शनिचरा के पास सड़क हादसा: किशोरी की मौत, चाचा घायल
मिली जानकारी के अनुसार, त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के जिगना शुक्ल गांव निवासी चांदनी (14) पुत्री विनोद विश्वकर्मा शुक्रवार दोपहर अपने चाचा मिठाई पुत्र दुखहरन के साथ बाइक पर सवार होकर जिगना से पिकौरा गांव जा रही थी।
जब वे डुमरियागंज थाना क्षेत्र के अनदुआ शनिचरा गांव के पास पहुंचे, तभी उनकी बाइक की एक ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिरसिया पहुंचाया।
सीएचसी में डॉक्टरों ने चांदनी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल चाचा मिठाई का उपचार जारी है। प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि किशोरी के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।