उस्का बाजार में सांसद निधि की सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का आरोप, ग्रामीणों ने जताया विरोध

Kapilvastupost

उस्का बाजार (सिद्धार्थनगर): विकास खंड क्षेत्र के बकैनिया से गंगाधरपुर को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं और घटिया सामग्री के इस्तेमाल को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। सांसद निधि से स्वीकृत इस सड़क के निर्माण में तय मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और उच्चाधिकारियों से जांच की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि संपर्क मार्ग के निर्माण में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि इसी तरह कार्य चलता रहा तो सड़क बनने के कुछ ही समय बाद उखड़ जाएगी और क्षेत्र में आवागमन की समस्या पहले जैसी ही बनी रहेगी।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि जनसुविधा और क्षेत्र के विकास के लिए जारी सरकारी धन का पारदर्शी व सही ढंग से उपयोग होना चाहिए, लेकिन कार्यदायी संस्था द्वारा मानकों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन और संबंधित उच्चाधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सड़क का निर्माण मानक व गुणवत्ता के अनुरूप कराने की मांग की है।

विरोध प्रदर्शन के दौरान सिद्धार्थ सिंह, अनूप, शिव शंकर, अमरनाथ अग्रहरि, राजेश सिंह, गौरव सिंह, अवधेश कुमार, जयप्रकाश, राहुल दुबे, शुभम, शिवबरन, राजेंद्र, राजमन, विनीत दुबे, कपिल दुबे, राकेश दुबे, संतोष दुबे और नन्हे दुबे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे