📅 Published on: November 27, 2026
सिद्धार्थनगर: वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, 15.78 करोड़ रुपये से होगा 10 किमी लंबे मार्ग का कायाकल्प; विधायक विनय वर्मा ने जताया आभार
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर (शोहरतगढ़): शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विशेष कृपा से क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित चिल्हिया–परैया–बर्डपुर मार्ग के 10 किलोमीटर हिस्से के मरम्मत कार्य के लिए 15.78 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि को स्वीकृति मिल गई है। इस बड़ी सौगात के बाद पूरे शोहरतगढ़ क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए बताया कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के उच्च अधिकारियों ने व्यक्तिगत रूप से उन्हें इस स्वीकृति की सूचना दी है। उन्होंने कहा कि सिद्धार्थनगर जनपद में शोहरतगढ़ को विकास की इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए चुना जाना यह दर्शाता है कि क्षेत्र के विकास के संकल्प को प्रदेश सरकार का पूरा सहयोग और समर्थन प्राप्त है।
इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए विधायक विनय वर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के प्रति मुख्यमंत्री जी का मार्गदर्शन और आशीर्वाद उन्हें सदैव जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। जनता के आशीर्वाद से मिली ताकत का ही परिणाम है कि उनके हर प्रयास सफल हो रहे हैं।
विधायक ने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि उन्होंने राजनीति को कभी पद नहीं, बल्कि जनता की सेवा का माध्यम माना है। शोहरतगढ़ की जनता की हर समस्या, आवश्यकता और उनसे किए गए हर वादे को पूरा करने के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना ही उनका सबसे बड़ा लक्ष्य है।