सिद्धार्थनगर में 41 दवा दुकानों के लाइसेंस निरस्त, फर्जी फर्मों पर औषधि विभाग की सख्ती

सिद्धार्थनगर में औषधि विभाग की कार्रवाई में 32 थोक और 9 फुटकर समेत 41 दवा दुकानों के लाइसेंस रद्द। जानिए अब कितनी दुकानें वैध बची हैं।

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। दवा कारोबार में फर्जीवाड़े के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत जिले में औषधि विभाग ने 41 दवा दुकानों के लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं। रद्द किए गए लाइसेंसों में 32 थोक और 9 फुटकर दवा विक्रेता शामिल हैं।

औषधि निरीक्षक मनोज कुमार सिंह के अनुसार, कार्रवाई से पहले जिले में 514 थोक और 926 फुटकर दवा दुकानें पंजीकृत थीं। लाइसेंस निरस्त होने के बाद अब थोक की वैध दुकानें 482 और फुटकर की 917 रह गई हैं।

प्रदेश स्तर पर जांच में कई ऐसी फर्में सामने आई थीं, जिन्होंने न तो कोई वास्तविक दुकान या निर्माण इकाई बनाई थी और न ही कारोबार का कोई ठिकाना था, फिर भी लाइसेंस हासिल कर लिया था। इसके बाद सत्यापन अभियान तेज किया गया। विभाग लाइसेंसधारकों के पते, कारोबार के संचालन, गोदाम और दवाओं के भंडारण की स्थिति की पड़ताल कर रहा है।

औषधि विभाग ने बताया कि जिले में दवा बनाने की कोई फैक्टरी नहीं है। वैध दवा कारोबार की निगरानी और जांच आगे भी जारी रहेगी।

Note- यह खबर अमर उजाला (गोरखपुर ब्यूरो, 27 नवंबर 2026) के अनुसार लिखा गया है।