यूपी बोर्ड परीक्षा 2027: सिद्धार्थनगर में 125 केंद्रों की अंतिम सूची जारी, 18 आपत्तियों का निस्तारण

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए जिले में कुल 125 परीक्षा केंद्रों पर अंतिम मुहर लगा दी गई है। केंद्र निर्धारण को लेकर बोर्ड के पोर्टल पर दर्ज कराई गई 18 ऑनलाइन आपत्तियों का निस्तारण कर दिया गया है और परीक्षार्थियों के आवंटन से जुड़ी खामियां भी दूर कर ली गई हैं। अब जिले में नए केंद्र नहीं बढ़ाए जाएंगे और इन्हीं निर्धारित 125 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी।

102 से बढ़कर 125 हुए परीक्षा केंद्र

शुरुआती चरण में जिले के लिए 102 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए थे। सूची जारी होने के बाद कई विद्यालयों ने केंद्रों की अधिक दूरी, क्षमता से अधिक परीक्षार्थियों के आवंटन और अन्य व्यवस्थागत समस्याओं को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई थीं।

विद्यालयों की मांग और परीक्षा संचालन को सुचारु बनाने के उद्देश्य से केंद्रों की पुनः समीक्षा की गई। समीक्षा के बाद 23 नए केंद्र जोड़े गए, जिससे जिले में कुल परीक्षा केंद्रों की संख्या 125 पहुंच गई। परिषद के पोर्टल पर आई 18 ऑनलाइन आपत्तियों का परीक्षण कर संबंधित बिंदुओं पर आवश्यक सुधार किया गया है।

नकलविहीन परीक्षा पर विभागीय फोकस

फरवरी में प्रस्तावित बोर्ड परीक्षा को लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अंतिम सूची तय होने से विद्यालयों और विभागीय अधिकारियों को परीक्षा व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में सुविधा मिलेगी। विभाग का पूरा ध्यान परीक्षा को व्यवस्थित, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने पर है।

जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि 18 ऑनलाइन आपत्तियों का निस्तारण और आवंटन की कमियों को दुरुस्त करने के बाद 125 केंद्रों को अंतिम रूप दे दिया गया है, जिसके आधार पर आगे की विभागीय तैयारियां की जा रही हैं।