सिद्धार्थनगर: सेखुई गांव में रंजिशन छप्पर के मकान में लगाई आग, नकदी व गृहस्थी जलकर राख; नामजद केस दर्ज

Kapilvastupost

गोल्हौरा (सिद्धार्थनगर) : थाना गोल्हौरा क्षेत्र के सेखुई गांव में गुरुवार रात एक व्यक्ति ने रिहायशी छप्पर के मकान में आग लगा दी। इस आगजनी में घर के अंदर रखी गृहस्थी, कपड़े, बिस्तर, दो मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये नकद जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रात करीब 10 बजे की है घटना

सेखुई गांव निवासी सुभाष चौहान ने मिट्टी की दीवार पर छप्पर डालकर रिहायशी मकान बना रखा है, जिसमें उनकी बहू अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ रहती है। पीड़ित के अनुसार, 26 नवंबर की रात करीब 10 बजे गांव के ही निवासी मुकेश उर्फ झिन्ना पुत्र विदेशी ने छप्पर के मकान में आग लगा दी।

नकदी समेत लाखों का नुकसान

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और छप्पर के नीचे रखा सारा घरेलू सामान, कपड़े, बिस्तर, दो मोबाइल फोन तथा 20 हजार रुपये नकद जलकर नष्ट हो गए। आग लगने के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था।

बीएनएस की धारा 326(जी) में मुकदमा दर्ज

पीड़ित सुभाष चौहान की सूचना पर गोल्हौरा पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी मुकेश उर्फ झिन्ना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 326(जी) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष शेष मणि पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की विधिक जांच की जा रही है।