बसपा को झटका:अकील अहमद ऊर्फ मुन्नू ने थामा आरएलडी का दामन, जयंत चौधरी की मौजूदगी में पार्टी में हुए शामिल
📅 Published on: December 15, 2021
लखनऊ:आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी उठापटक का दौर जारी है। नेताओं के पार्टी बदलने के क्रम में बसपा नेता अकील अहमद ऊर्फ मुन्नू का भी नाम जुड़ गया है। अकील अहमद ने बसपा को छोड़कर आरएलडी का दामन थाम लिया है।
बसपा को सिद्धार्थनगर में बड़ा झटका लगा है। बसपा के कद्दावर नेताओं में गिने जाने वाले पूर्व प्रत्याशी व पूर्व जिला पंचायत सदस्य अकील अहमद ऊर्फ मुन्नू ने आरएलडी (राष्ट्रीय जनता दल) का दामन थाम लिया है। अकील अहमद ने लखनऊ मे आरएलडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए।
इस मौके पर अकील अहमद ऊर्फ मुन्नू ने कहा कि वह आरएलडी की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन में पार्टी प्रमुख जयंत चौधरी ने आगे बढ़कर किसानों की आवाज को बुलंद किया। इसलिए आरएलडी में जनता का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि वह और उनके समर्थक पार्टी के नीतियों को जन जन तक पहुंचाने का काम करे पार्टी को मजबूती प्रदान करने का काम करेंगे।
किसान आन्दोलन के बाद बढ़ा आरएलडी का जनाधार
किसान आंदोलन के बाद से जिस तेजी से आरएलडी में दूसरे दलों के नेताओं की एंट्री हुई, उससे पार्टी और जयंत चौधरी के हौसले काफी बुलंद हैं। आरएलडी नेताओं को उम्मीद है कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी। ऐसे में आरएलडी पश्चिम यूपी में अच्छी खासी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है और इस बार वो सपा के साथ मिलकर 2022 में चुनाव लड़ने की तैयारी में है।


