📅 Published on: September 1, 2023
इन्द्रेश तिवारी
सिद्धार्थनगर – जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता एवं प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डी0आ0डी0ए0 नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी की उपस्थिति में गौवंश में लम्पी स्किन डिजीज (एल0एस0डी0) की रोकथाम हेतु जनपद स्तरीय बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुआ।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी संजीव रंजन द्वारा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से गौवंश में लम्पी स्किन डिजीज (एल0एस0डी0) की रोकथाम हेतु किये जा रहे कार्यो के बारे में जानकारी प्राप्त की गयी।
जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया कि गौवंश में लम्पी स्किन डिजीज (एल0एस0डी0) के लक्षण वाले पशुओं का अभियान चलाकर चिन्हित करें तथा संभावित लक्षण वाले पशुओं का सैम्पलिंग कराये, जहां पर लक्षण वाले पशु मिले उस ब्लाक में वृहद रूप में टीकाकरण करायें।
जिलाधिकारी ने समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत एवं खण्ड विकास अधिकारी को भी अपने क्षेत्र केे गौशाला में डाक्टर की टीम द्वारा पशुओं का जांच कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को लम्पी स्किन डिजीज (एल0एस0डी0) के लक्षण एवं बचाव के बारे में पम्पलेट आदि के माध्यम से लागों को जागरूक करने का निर्देश दिया।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा0 जीवन लाल ने समस्त पशु चिकित्सा अधिकारी/पशुधन प्रसार अधिकारी को ग्राम पंचायतो में सघन भ्रमण कर लम्पी स्किन डिजीज (एल0एस0डी0) के लक्षण वाले पशुओं का सर्वे करने का निर्देश दिया तथा इसके बारे में लोगों को जागरूक करें।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि लम्पी स्किन डिजीज (एल0एस0डी0) की रोकथाम हेतु जनपद स्तर पर कन्ट्रोल रूम स्थापित किया गया है जिसके नोडल अधिकारी डा0 प्रदीप कुमार, पशु चिकित्सा अधिकारी देवरा बाजार को नामित किया गया है जिनका मोबाइल नम्बर 8444132187 है।
जनपद में कहीं भी लम्पी स्किन डिजीज (एल0एस0डी0) के लक्षण वाले पशुओं के मिलने पर इस नम्बर पर सूचना देने पर मेडिकल टीम भेजकर पशुओं का जांच कराया जायेगा।
इस बैठक में उपरोक्त के अतिरिक्त जिला विकास अधिकारी श्री गोपाल प्रसाद कुशवाहा, जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समस्त पशु चिकित्सा अधिकारी आदि की उपस्थिति रही।