सिद्धार्थ नगर – मतदान प्रतिशत बढाने का अनोखा प्रयास पूर्व माध्यमिक विद्यालय गौहनिया राज के स्काउट और गाइड ने मतदाताओं को मेंहदी लगाकर किया जागरूक

kapilvastupost 

सिद्दार्थनगर मंगलवार को ब्लाक क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय गौहनियाराज के बच्चों ने मतदान फीसद बढ़ाने लिए जागरूकता रैली निकाली। विशेष जागरूकता के लिए महिलाओं के हाथों पर मेंहदी से 25 मई मतदान दिवस उकेर अनोखे तरीके से मतदान फीसद बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इसके पूर्व प्रधानाध्यापक, स्काउट मास्टर और बी०एल०ओ० ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया।

प्रधानाध्यापक मो० आरिफ उस्मानी ने बच्चों से कहा वे अपने अभिभावकों को जागरूक करें की किसी प्रलोभन में न आएं और न किसी के बहकावे में या भय में। मतदान ऐसे प्रत्याशी को करें जो विकासवादी सोच रखता हो।

यदि कोई पार्टी या कार्यकर्ता धमकी या लालच देता है तो चुनाव आयोग के टोल फ्री नंबर 1950 पर सूचित करें। आरोपी के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

स्काउट मास्टर कुलदीप कुमार के नेतृत्व में निकली रैली की स्काउट और गाइड ने गांव में मतदाता जागरूकता गीत गाते हुए अभिभावकों से सौ फीसद मतदान कर लोकतंत्र का मजबूत प्रहरी होने का प्रमाण पत्र का दर्जा लाने की इच्छा जाहिर की।

गाइड बच्चियों ने गांव की महिलाओं को बिठाकर उनके हाथों पर पहले तो खूबसूरत आकृतियां बनाई फिर हिंदी में 25 मई मतदान दिवस लिखा। बीएलओ प्रमिला वर्मा, मो.आरिफ उस्मानी, कुलदीप कुमार, अर्जुन कुमार, विजय प्रकाश गौतम आदि मौजूद रहे।