📅 Published on: October 25, 2024
Kapilvastupost
मोहाना थाना क्षेत्र के सिकरी कस्बे में गुरुवार की सुबह एक ट्रक के अनियंत्रित होकर चार लोगों को रौंदते हुए बिजली के पोल से टकरा गया। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। दो की हालत गंभीर होने पर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया जिसमें से एक की रास्ते में ही मौत हो गई।
दो अन्य का इलाज जिला मुख्यालय के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। तीनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
लकड़ी निवासी ओंकार नाथ पांडेय (60) पुत्र परमात्मा पांडेय अपने भतीजे मंटू (38) पुत्र ओमप्रकाश के साथ सिकरी बाजार में रसोई गैस लेने आए हुए थे।
वह एक दुकान के पास खड़े हुए थे। इस दौरान लोटन की तरफ से आ रहा ट्रक बेकाबू हो गया और दो बच्चों सहित चार लोगों को रौंदते हुए बिजली की पोल से टकरा कर रुक गया। लकड़ी निवासी ओंकार नाथ पाण्डेय, मंटू पांडेय व हर्ष (13), संतोष(16) निवासी पनेरा को गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से इलाज के लिए जिला अस्पताल घायलों को भेजवाया। जिला अस्पताल पहुंचने पर ओंकार और मंटू की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कालेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में जाते समय ओंकार की मौत हो गई।
हर्ष व संतोष का इलाज जिला मुख्यालय के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। थानाध्यक्ष मोहाना जीवन त्रिपाठी का कहना है कि ट्रक कब्जे में लिया गया है अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।