📅 Published on: September 9, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। जोगिया कोतवाली क्षेत्र के नादेपार गांव में शनिवार देर रात एक महिला चोर को भीड़ द्वारा पकड़े जाने और उसकी पिटाई की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस टीम पर हमला किया गया। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में 13 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का विवरण
जोगिया कोतवाली प्रभारी मीरा चौहान ने बताया कि रविवार रात में एसआई श्रीकांत यादव और जयप्रकाश गश्त कर रहे थे। इसी दौरान डायल 112 नंबर से उन्हें सूचना मिली कि नादेपार गांव में एक महिला चोर को पकड़ा गया है और उसे पीटा जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।
पुलिस ने महिला से पूछताछ की, लेकिन वह डरी हुई थी और कुछ भी बोल नहीं पा रही थी। इसी बीच, थानाध्यक्ष मीरा चौहान भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गईं।
पुलिस पर हमला
पुलिस टीम ने महिला को बचाया और उसे अपने वाहन में बैठाकर थाने की ओर चलने लगी। तभी नाराज भीड़ ने पुलिस पर चोरों से मिले होने का आरोप लगाते हुए उनकी गाड़ी पर लाठी और ईंटों से हमला कर दिया। इस हमले में गाड़ी के पीछे और बगल का शीशा टूट गया। हालांकि, किसी पुलिसकर्मी को कोई चोट नहीं आई।
गिरफ्तारी और मुकदमा
इस घटना के बाद जोगिया पुलिस ने एसआई जयप्रकाश की तहरीर पर 13 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष मीरा चौहान ने बताया कि पुलिस टीम ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों पर धारा 191(2), 115(2), 351(3), 126(2), 352, 132, 7 और 3 के तहत केस दर्ज किया गया है।