​लापरवाही : PHC में नवजात की मौत, जांच के आदेश

Kapilvastupost

खुनीयांव सिद्धार्थ नगर : खुनीयांव क्षेत्र के मिश्रौलिया स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) मिठउव्वा में लापरवाही के कारण एक नवजात की मौत का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए जिलाधिकारी (DM) को लिखित शिकायत दी है।

​महुई गांव के निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि 13 सितंबर की रात उनकी पत्नी अनुराधा को प्रसव पीड़ा हुई, जिसके बाद वे उन्हें 10:30 बजे PHC मिटौवा ले गए। वहां मौजूद ANM ने उन्हें जांच के बाद आश्वासन दिया कि सब ठीक है और दो घंटे में प्रसव हो जाएगा। इसके बाद ANM चली गई और पूरी रात वापस नहीं आई।

​सुबह तक प्रसव न होने पर महिला की हालत बिगड़ने लगी। दोबारा बुलाने पर ANM ने आकर स्थिति गंभीर बताई और महिला को कहीं और ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन उन्हें सोहरतगढ़ के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां अल्ट्रासाउंड में पता चला कि बच्चे की धड़कन बंद हो चुकी है। ऑपरेशन कर नवजात को निकाला गया, लेकिन जच्चा की जान किसी तरह बचाई जा सकी।

​पीड़ित का कहना है कि अगर समय पर सही देखभाल मिलती तो नवजात की जान बच सकती थी। खुनीयांव CHC के अधीक्षक डॉ. पीएन यादव ने बताया कि मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की गई है। दोनों पक्षों को बुलाकर बयान दर्ज किए गए हैं। प्रथम दृष्टया स्टाफ की लापरवाही सामने आई है और जल्द ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।