सिद्धार्थ नगर – भवानीगंज में दिल दहला देने वाली घटना: 3 वर्षीय मासूम श्रेया की संदिग्ध हालत में मौत, सौतेली मां पर हत्या का आरोप

Niyamtullah Khan 

भवानीगंज/सिद्धार्थनगर।
भवानीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चौराबनगवा (चकचई) में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहाँ तीन वर्षीय मासूम बच्ची श्रेया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस मामले में पिता ने सौतेली मां पर बेरहमी से मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी महेश अग्रहरी की पहली पत्नी खुशबू का निधन बेटी श्रेया के जन्म के समय हो गया था। इसके बाद महेश ने अप्रैल 2025 में नेपाल की एक युवती से दूसरी शादी की थी।

रविवार सुबह करीब 5 बजे महेश अग्रहरी अपनी बेटी को दूसरी पत्नी के पास छोड़कर खलीलाबाद के लिए निकले थे। कुछ ही देर बाद बेंवा चौराहे पर पहुँचते समय उनकी दूसरी पत्नी का फोन आया, जिसमें बताया गया कि बच्ची की तबीयत अचानक खराब हो गई है।

जब महेश घर लौटे तो उन्होंने बच्ची के शरीर पर गंभीर चोटों और मारपीट के निशान देखे। इसके बाद वह तत्काल बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा लेकर पहुँचे, जहाँ डॉक्टरों ने श्रेया को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। डायल 112 और भवानीगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

पिता महेश अग्रहरी ने स्पष्ट रूप से आरोप लगाया है कि सौतेली मां की पिटाई के कारण ही उनकी बेटी की जान गई है। उन्होंने दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में नवागत थानाध्यक्ष भवानीगंज बृजेश सिंह ने बताया कि बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है तथा तहरीर के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।