ढेबरुआ में अवैध खनन का धंधा जोरों पर: बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर-ट्रालियां दौड़ा रहे माफिया, खतरा सड़क हादसों का

गुरु जी की कलम से

सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी-बालू खनन का काला कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा। जिम्मेदारों की मिलीभगत से टीशम, बरगदवा, धनौरा बुजुर्ग और घोरही नदी के आसपास खनन माफिया रीपर से जमीनें खोदकर बलुई मिट्टी भर रहे हैं। इसे बढ़नी नगर पंचायत क्षेत्र में निर्माण कार्यों के लिए मोटे दामों पर बेचा जा रहा है।

बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर, ड्राइवर बिना DL
शनिवार को सामने आया ताजा मामला इसी धंधे का है। दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रालियां बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रही हैं, जिन्हें ज्यादातर चालक बिना ड्राइविंग लाइसेंस के चला रहे। निजी कृषि रजिस्ट्रेशन वाले ये वाहन अवैध खनन में लगे हैं। सड़क पर देखते ही लोगों के रोंगटे खड़े हो जाते हैं, क्योंकि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

शोहरतगढ़ तहसील प्रशासन ने कुछ माह पहले एक ट्रैक्टर-ट्राली पकड़कर कार्रवाई की थी, लेकिन ‘सेटिंग-गेटिंग’ से यह कारोबार फल-फूल रहा है।

प्रशासन ने दिए निर्देश, होगी कड़ी कार्रवाई
एसडीएम शोहरतगढ़ विवेक कुमार मिश्र ने कहा, “मामला संज्ञान में आ गया है। जांच कराकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ढेबरुआ पुलिस को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।