सिद्धार्थ नगर – चेयरमैन कप सीजन-2: डुमरियागंज के जांबाजों ने लहराया परचम, बलरामपुर को 70 रनों से दी करारी शिकस्त

Nizam Ansari 
बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
बढ़नी क्षेत्र के घरुवार स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित प्रतिष्ठित लेदर बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट ‘चेयरमेंट कप सीजन-2’ के फाइनल मुकाबले में डुमरियागंज की टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन से इतिहास रच दिया। फाइनल के रोमांचक मुकाबले में डुमरियागंज ने बलरामपुर की टीम को 70 रनों के बड़े अंतर से हराकर विजेता की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

मैच का लेखा-जोखा: मुराद और आयुष का जलवा
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी डुमरियागंज की टीम ने निर्धारित ओवरों में शानदार तालमेल दिखाते हुए 160 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

161 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बलरामपुर की टीम डुमरियागंज के गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ के आगे बेबस नजर आई और पूरी टीम मात्र 90 रनों पर सिमट गई।

बेहतरीन गेंदबाजी और प्रदर्शन के लिए मुराद अली को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में निरंतर शानदार खेल दिखाने वाले आयुष श्रीवास्तव को ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट’ के खिताब से नवाजा गया।

पुरस्कार वितरण औरउत्साहवर्धन
मुख्य अतिथि श्याम जायसवाल, विशिष्ट अतिथि अधिशासी अधिकारी राजन गुप्ता, असिस्टेंट कमांडेंट संजय केपी और युवा समाजसेवी अनिल अग्रहरि ने विजेता टीम को 51,000 रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की। उपविजेता बलरामपुर को 25,000 रुपये का सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

आयोजक चेयरमैन सुनील अग्रहरि ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि हमारा उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को लेदर बॉल क्रिकेट से जोड़ना है ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

डॉ. रफ़ीउल्लाह खान (साजिदा हॉस्पिटल, डुमरियागंज) का संदेश
डुमरियागंज की इस ऐतिहासिक जीत पर हर्ष व्यक्त करते हुए साजिदा हॉस्पिटल के डॉ. रफ़ीउल्लाह खान ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा डुमरियागंज के युवाओं ने खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन और एकाग्रता पैदा करता है।

हमारी टीम की यह जीत दर्शाती है कि यदि अवसर मिले तो हमारे ग्रामीण अंचल के खिलाड़ी भी देश का नाम रोशन कर सकते हैं। सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।

इस अवसर पर सिद्धार्थ पाठक, राकेश जायसवाल, मुस्तन शेरुल्लाह, बृजेश अग्रहरि, अभिषेक यादव, आदित्य कुमार और विक्की सहित भारी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।