पुलवामा के बलिदानियों को नमन: सिद्धार्थनगर में रमेश वर्मा के नेतृत्व में प्रज्वलित हुए 40 दीप, गूंजा भारत माता का जयघोष

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। शौर्य और बलिदान की स्मृति में आज पूरा जनपद राष्ट्रभक्ति के रंग में डूबा नजर आया। स्थानीय भारत माता चौक पर पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए देश के 40 वीर जवानों की पावन स्मृति में समाजसेवी रमेश वर्मा के नेतृत्व में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान भारत माता की प्रतिमा के समक्ष 40 दीपक प्रज्वलित कर वीर सपूतों की शहादत को नमन किया गया।

शहीदों का बलिदान सदैव रहेगा प्रेरणास्रोत

कार्यक्रम की अगुवाई कर रहे अक्षय तिवारी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि “शहीदों का सर्वोच्च बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनकी वीरता और त्याग की गाथाएं हमारी आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करती रहेंगी।” श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर वीर आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।

तिरंगों से सजा भारत माता चौक

श्रद्धांजलि कार्यक्रम से पूर्व स्वच्छता का संदेश देते हुए धर्मेंद्र यादव ने भारत माता चौक परिसर की साफ-सफाई की। इसके पश्चात चौक के चारों ओर 40 तिरंगे लगाए गए, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के उल्लास से भर गया। दीप प्रज्वलन के साथ ही “भारत माता की जय” के गगनभेदी जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं समाजसेवी सीता देवी, ब्रह्मर्षि बावरा सिद्धार्थ ममता गृह जगमोहनी के व्यवस्थापक सुनील पाल, धर्मेंद्र यादव, मोहम्मद हुसैन, प्रिंस श्रीवास्तव, आकर्ष श्रीवास्तव, पंकज यादव, रजत जायसवाल, आलोक पाठक, राममिलन विश्वकर्मा सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और युवा उपस्थित रहे।