📅 Published on: March 8, 2026
Kapilvastupost
बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
सीमावर्ती कस्बे बढ़नी में बाइक चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस की गश्त और दावों को धता बताते हुए चोरों ने अब घर के सामने खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला कस्बे के स्टेशन रोड वार्ड नंबर 10 का है, जहां चोरों ने एक घर के दरवाजे से बाइक उड़ाकर सनसनी फैला दी है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, वार्ड नंबर 10 निवासी प्रार्थी दुर्गेश कमलापुरी पुत्र हीरालाल ने थाना ढेबरुआ में तहरीर देकर बताया कि उन्होंने अपनी बजाज CT 110 बाइक रोज की तरह रात में अपने घर के दरवाजे पर खड़ी की थी। सुबह जब वे सोकर उठे तो बाइक गायब देख उनके होश उड़ गए। आसपास काफी खोजबीन और पूछताछ के बाद भी जब कुछ पता नहीं चला, तो उन्होंने पुलिस की शरण ली।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
कस्बे के लोगों में इस घटना के बाद से गहरा रोष है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बढ़नी में पिछले कुछ समय में आधा दर्जन से अधिक बाइक चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। इससे पूर्व एक स्थानीय पत्रकार की बाइक चोरी हुए भी कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक एक भी मामले का ठोस खुलासा नहीं कर पाई है। रिकवरी दर शून्य होने के कारण चोरों के हौसले और भी बुलंद हो गए हैं।
थानाध्यक्ष का पक्ष
इस संबंध में ढेबरुआ थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद ने बताया कि घटना संज्ञान में है। पुलिस और चौकी प्रभारी बढ़नी द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी गई बाइक को बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।