प्रेमी का हाई-वोल्टेज ड्रामा: सिद्धार्थनगर में प्रेमिका को बुलाने की मांग को लेकर 100 फुट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक

निज़ाम अंसारी 

सिद्धार्थनगर: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के इटवा थाना क्षेत्र स्थित दुफेड़िया गांव में शनिवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सिरफिरा प्रेमी करीब 100 फुट ऊंचे मोबाइल टावर पर जा चढ़ा। युवक की मांग थी कि उसकी प्रेमिका को तत्काल मुंबई से मौके पर बुलाया जाए, अन्यथा वह नीचे नहीं उतरेगा। लगभग साढ़े चार घंटे चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे ने पुलिस और प्रशासन के पसीने छुड़ा दिए।

घटना का विवरण

दुफेड़िया गांव निवासी जितेन्द्र वर्मा शनिवार सुबह अचानक गांव के मोबाइल टावर के शिखर पर पहुंच गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि टावर पर चढ़ने के बाद युवक ने खुद ही फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

प्रेमिका को बुलाने की जिद पर अड़ा युवक

सूचना मिलते ही इटवा थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जब युवक को नीचे उतारने की कोशिश शुरू हुई, तो उसने अपनी शर्त रख दी। युवक का कहना था कि वह एक युवती से प्रेम करता है जो फिलहाल मुंबई में है। उसकी जिद थी कि जब तक युवती को उसके सामने नहीं लाया जाता, वह नीचे नहीं आएगा।

पुलिस और प्रशासन की सूझबूझ से टला हादसा

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ पवीन प्रकाश और एसडीएम कुणाल भी घटना स्थल पर पहुंच गए। अधिकारियों ने बेहद संयम और संवेदनशीलता के साथ युवक से बातचीत की और उसे समझाने का प्रयास जारी रखा। करीब साढ़े चार घंटे की कड़ी मशक्कत और आश्वासन के बाद युवक आखिरकार नीचे उतरने को राजी हुआ।

पुलिस की कार्रवाई

युवक के सुरक्षित नीचे उतरते ही पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। युवक को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।”