📅 Published on: April 2, 2026
लाठी डंडे से जानलेवा हमला नहीं हो सकता है। मारपीट और जानलेवा हमले में अंतर नहीं दिखता जनपद में कई घटनाएं हुई है जिनमें पेचकस से जानलेवा हमला हो चुका है। तो फिर लाठी डंडे से जान लेवा हमला क्या संभव नहीं है?
Kapilvastupost
भवानीगंज (सिद्धार्थनगर): थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव में मंगलवार शाम एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक का एक वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह लहूलुहान हालत में अपने साथ हुई बर्बरता की कहानी सुना रहा है। हालांकि, पुलिस और पीड़ित के दावों में हथियार को लेकर विरोधाभास नजर आ रहा है।
दौड़ा-दौड़ा कर मारने का आरोप
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बेंवा का बताया जा रहा है। वीडियो में धौरहरा निवासी समीउल्लाह का पुत्र महबूब गंभीर रूप से घायल अवस्था में दिख रहा है। इलाज के दौरान टांके लगवाते हुए महबूब ने बताया कि मंगलवार शाम करीब सात बजे जब वह भवानीगंज से घर लौट रहा था, तभी मोगलपुरवा गांव के पास नहर के पास आकाश नामक युवक ने दो अन्य साथियों के साथ उस पर हमला कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने जेब से चाकू या छूरी जैसा धारदार हथियार निकालकर उसे दौड़ा-दौड़ा कर मारा, जिससे उसके शरीर पर कई गहरे जख्म हो गए।
एक तरफ जहाँ घायल युवक धारदार हथियार से हमले की बात कह रहा है, वहीं पुलिस इस दावे को नकार रही है। थानाध्यक्ष बृजेश सिंह के अनुसार, मामले में धारदार हथियार का प्रयोग नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित के पिता समीउल्लाह द्वारा दी गई लिखित तहरीर में ‘लाठी-डंडे’ से मारपीट का उल्लेख किया गया है।
पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर:
* एक नामजद (आकाश) और
* दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।