📅 Published on: April 2, 2026
खुनुवां बॉर्डर से नाबालिग युवती बचाई गई, दो आरोपी गिरफ्तार
एसएसबी जवानों की सतर्कता ने टाला बड़ा हादसा, पूछताछ में खुलासा होने पर पकड़े गए संदिग्ध युवक
गुरु जी की कलम से
खूनुवा,सिद्धार्थनगर : उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में भारत-नेपाल सीमा पर स्थित खुनुवां चेक पोस्ट पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक नाबालिग भारतीय युवती को संदिग्ध परिस्थितियों में नेपाल ले जाए जाने से बचा लिया। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है, जो युवती को बहला-फुसलाकर सीमा पार कराने की फिराक में थे।
जांच के दौरान पकड़ी गई चोरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर 43वीं वाहिनी एसएसबी की डी समवाय टीम खुनुवां चेक पोस्ट पर नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सीमा स्तंभ संख्या 556 के पास दो युवक एक युवती के साथ नेपाल की ओर जाते दिखे। जब ड्यूटी पर मौजूद जवानों ने उन्हें रोककर पूछताछ की, तो एक युवक ने युवती को अपनी पत्नी बताया और घूमने की बात कही।
पूछताछ में खुला राज
युवक के बयानों में विरोधाभास होने पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और यूपी पुलिस को मौके पर बुलाया गया। संयुक्त पूछताछ में पता चला कि युवती नाबालिग है। जब उसके परिजनों से संपर्क किया गया, तो मां ने बताया कि वह इन युवकों को नहीं जानती। इससे यह स्पष्ट हो गया कि युवती को गलत इरादे से नेपाल ले जाया जा रहा था।
बरामदगी और कार्रवाई
* वाहन: बिना नंबर की बजाज पल्सर 125 CC मोटरसाइकिल।
* उपकरण: दो वीवो (Vivo) मोबाइल फोन।
* सुपुर्दगी: कागजी कार्रवाई के बाद एसएसबी ने युवती और दोनों आरोपियों को एएचटीयू उत्तर प्रदेश पुलिस, सिद्धार्थनगर के हवाले कर दिया है।
एसएसबी अधिकारियों का मानना है कि यदि समय रहते इन्हें न रोका जाता, तो युवती किसी बड़े मानव तस्करी गिरोह का शिकार हो सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।