बढ़नी में स्वास्थ्य विभाग का हंटर: ताला तोड़कर अवैध लैब को किया सील, मचा हड़कंप

सिद्धार्थनगर में अवैध पैथोलॉजी सेंटरों पर बड़ी कार्रवाई
Kapilvastupost
बढ़नी में स्वास्थ्य विभाग का हंटर: ताला तोड़कर अवैध लैब को किया सील, मचा हड़कंप
सिद्धार्थनगर। जनपद के बढ़नी कस्बे में अवैध स्वास्थ्य केंद्रों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को नोडल अधिकारी डॉ. एमएम त्रिपाठी और तहसीलदार श्रीप्रकाश यादव के नेतृत्व में टीम ने दो पैथोलॉजी सेंटरों पर छापेमारी की। जांच के दौरान दोनों केंद्र बिना पंजीकरण के संचालित पाए गए, जिन्हें तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है।
ताला तोड़कर की गई जांच:
छापेमारी की भनक लगते ही ‘श्याम पैथोलॉजी’ का संचालक कमरे में ताला लगाकर फरार हो गया। मजिस्ट्रेट के निर्देश पर टीम ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहाँ बड़ी संख्या में जांच मशीनें, किट और अन्य उपकरण बरामद हुए।

वहीं, ‘गीता डायग्नोस्टिक सेंटर’ पर एक बीए डिग्री धारक अप्रशिक्षित व्यक्ति मरीजों के खून की जांच करते हुए पकड़ा गया। मौके पर कोई भी योग्य डॉक्टर या लैब टेक्नीशियन (LT) मौजूद नहीं था।
होगी एफआईआर:
नोडल अधिकारी डॉ. एमएम त्रिपाठी ने बताया कि दोनों केंद्र अवैध पाए गए हैं। बढ़नी पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी को दोनों केंद्रों के संचालकों के विरुद्ध तत्काल मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।