इटवा-डुमरियागंज मार्ग पर भीषण हादसा: बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, अस्पताल में वाहन छोड़कर चालक फरार

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर (इटवा): इटवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रगड़गंज के समीप शुक्रवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में 20 वर्षीय युवक शिवम गिरि की जान चली गई। हादसे के बाद चालक ने चतुराई दिखाते हुए शव को अस्पताल पहुँचाया, लेकिन मौत की पुष्टि होते ही वह गाड़ी छोड़कर रफूचक्कर हो गया।
बारात जा रहा था युवक
मिली जानकारी के अनुसार, सगराजोत गांव निवासी शिवम गिरि (20) पुत्र मुनीराम शुक्रवार रात अपनी बाइक से त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के सहिजवार गांव में एक बारात में शामिल होने जा रहा था। अभी वह रगड़गंज के पास ही पहुँचा था कि सामने से आ रही अनियंत्रित बोलेरो ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
अस्पताल में हंगामा, पांच थानों की फोर्स तैनात
हादसे के बाद बोलेरो चालक घायल युवक को इटवा सीएचसी ले गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही चालक अस्पताल परिसर में ही वाहन छोड़कर भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ सीएचसी पर जमा हो गई और चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए इटवा पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से डुमरियागंज, त्रिलोकपुर, गोल्हौरा और मिश्रौलिया थाने की पुलिस टीम को मौके पर बुला लिया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई और गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने के बाद मामला शांत हुआ। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर बोलेरो को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश जारी है।