इटवा: तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत, पिता घायल

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के इटवा थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
शादी समारोह में जा रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इटवा थाना क्षेत्र के सगराजोत गांव निवासी शिवम (18) अपने पिता मुनिराम के साथ शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे बाइक से सहिजवार गांव में एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वे इटवा-डुमरियागंज मार्ग पर नवेलवा गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल में युवक ने तोड़ा दम
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता-पुत्र दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत इटवा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद शिवम को मृत घोषित कर दिया। पिता मुनिराम को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
पुलिस की कार्रवाई
मृतक के भाई हरिओम की तहरीर पर इटवा पुलिस ने रविवार को अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 106, 125 (ए, बी) और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है। थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि वाहन और चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।