📅 Published on: June 4, 2026
गुरु जी की कलम से
**इटवा/कपिलवस्तु:** नेपाल के प्रभुनाथ दर्शन के लिए जा रहे उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिला अंतर्गत इटवा नगर पंचायत के छह श्रद्धालु मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। नेपाल के धानखोला क्षेत्र के पास श्रद्धालुओं की कार सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, गनीमत यह रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
नेपाल पुलिस ने संभाला मोर्चा, अस्पताल में हुआ इलाज
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और सूचना पाकर पहुंची नेपाल पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कार सवार सभी घायल श्रद्धालुओं को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
**घायलों की सूची:**
* अंजली पाण्डेय (35 वर्ष)
* सरोज गौंड़ (36 वर्ष)
* नीशू गौंड़ (16 वर्ष)
* आयुष गौंड़ (12 वर्ष)
* हर्षित गौंड़ (14 वर्ष)
* बालम राम यादव (कार चालक)
परिजनों में मची खलबली, सुरक्षित होने पर ली राहत की सांस
जैसे ही हादसे की खबर इटवा कस्बे में पहुंची, श्रद्धालुओं के परिजनों और परिचितों में हड़कंप मच गया। लोग अपनों की कुशलता जानने के लिए फोन और अन्य माध्यमों से नेपाल संपर्क करने लगे। बाद में सभी के सुरक्षित होने की खबर मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
चेयरमैन और थानाध्यक्ष ने की पुष्टि
“दुर्घटना में शामिल सभी श्रद्धालु इटवा के निवासी हैं। ईश्वर की कृपा से सभी सुरक्षित हैं और प्राथमिक उपचार के बाद पुनः अपने धार्मिक गंतव्य (प्रभुनाथ दर्शन) के लिए रवाना हो गए हैं।”
**विकास जायसवाल, चेयरमैन, इटवा नगर पंचायत**
थानाध्यक्ष इटवा, संजय कुमार मिश्र ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नेपाल में सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। सभी भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं और उनकी यात्रा सुचारू रूप से आगे बढ़ रही है।