मायके में रह रही विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, बंद दरवाजा तोड़ा तो फंदे से लटकती मिली लाश

Kapilvastupost
भवानीगंज (हिन्दुस्तान संवाद): भवानीगंज थाना क्षेत्र के ढढुआ गांव में रविवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ अपने मायके में रह रही एक 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने जब घर का बंद दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। युवती का शव फंदे से लटक रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शादी के एक साल बाद ही सूनी हो गई गोद
क्षेत्र के जुड़वनिया गांव के ढढुआ टोला निवासी राजमन की 22 वर्षीय पुत्री खुशबू की शादी पिछले साल 29 अप्रैल 2025 को नगर पंचायत बढ़नीचाफा के डालडीह निवासी पंकज के साथ हुई थी। परिजनों के मुताबिक, खुशबू पिछले करीब छह महीने से अपने मायके में ही रह रही थी।
घर में अकेली थी खुशबू
रविवार की रात करीब आठ बजे परिवार के अन्य सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे और खुशबू घर में अकेली थी। जब परिजन वापस लौटे तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने और प्रयास करने के बाद भी जब अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका में दरवाजा तोड़ दिया। अंदर खुशबू का शव फंदे से लटकता देख कोहराम मच गया।
पुलिस को सौंपी गई तहरीर
चीख-पुकार सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर भवानीगंज पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी थानाध्यक्ष भवानीगंज राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिली है, जिसमें फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्यवाही प्रचलित होगी।